अमेजन पार्सल धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, 8 लाख रुपये नकद सहित दो आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात पुलिस ने धोखाधड़ी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमेजन पार्सल धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना भोगनीपुर पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, एक कार एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर रेंज यमुना प्रसाद के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में की गई।

ऐसे करते थे धोखाधड़ी

पुलिस के अनुसार, थाना रूरा क्षेत्र निवासी महेन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना भोगनीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी रोहित ठाकुर उर्फ डिफाल्टर उर्फ कुणाल शर्मा फर्जी नाम-पते से एप्पल एवं टाइटन जैसी कंपनियों के महंगे उत्पाद कैश ऑन डिलीवरी एवं प्रीपेड माध्यम से मंगवाते थे। पार्सल मिलने के बाद मूल उत्पाद निकालकर उसकी जगह डमी सामान रख देते थे और पैकेट को दोबारा सील कर अमेजन को वापस भेज देते थे, जिससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचता था।

दो आरोपी गिरफ्तार

थाना भोगनीपुर पुलिस ने 18 जुलाई 2026 की रात चौरा-बिल्हापुर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

  • रोहित ठाकुर उर्फ डिफाल्टर उर्फ कुणाल शर्मा (29 वर्ष) निवासी गणेशगंज, कालपी, जनपद जालौन।
  • मंजीत गुप्ता उर्फ जीनियस (35 वर्ष) निवासी गणेशगंज, कालपी, जनपद जालौन।

8 लाख रुपये सहित कई सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:

  • ₹8,00,000 नकद
  • 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
  • 6 सिम कार्ड
  • KIA कार (UP77AU2265)
  • बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (UP78FY4829)

बरामद कर विधिक कार्रवाई के तहत कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब डेढ़ माह पहले योजना बनाकर पुखरायां स्थित अमेजन डिलीवरी कार्यालय का दुरुपयोग किया। रोहित ने फर्जी नाम से अमेजन डिलीवरी बॉय की नौकरी की और डिलीवरी रूट तय होने के बाद मंजीत द्वारा उसी क्षेत्र के फर्जी पते पर महंगे उत्पाद ऑर्डर किए जाते थे।

आरोपी हीट गन की मदद से पार्सलों को बिना नुकसान पहुंचाए खोलते, असली उत्पाद निकालकर उसकी जगह नकली सामान रख देते और पैकेट दोबारा सील कर अमेजन कार्यालय में जमा कर देते थे। ऑर्डर पहले ही रद्द करा दिए जाते थे, जिससे ऑनलाइन भुगतान की राशि वापस उनके खातों में आ जाती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 1 जून से 11 जून के बीच करीब 10 लाख रुपये मूल्य के उत्पादों के साथ धोखाधड़ी की। असली सामान कानपुर एवं दिल्ली के व्यापारियों को बाजार मूल्य से कम कीमत पर बेच दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 8 लाख रुपये बरामद हो चुके हैं, जबकि लगभग 2 लाख रुपये आरोपियों के बैंक खातों में हैं, जिन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया चल रही है।

बढ़ाई गई धाराएं

बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध पहले भी धोखाधड़ी से संबंधित मामले दर्ज हैं। रोहित ठाकुर के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में तथा मंजीत गुप्ता के खिलाफ कानपुर नगर के गोविंदनगर थाने में पूर्व में मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस कार्रवाई में थाना भोगनीपुर के उपनिरीक्षक मोहित मिश्रा, उपनिरीक्षक अमरेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी पुष्पेन्द्र सिंह, कांस्टेबल कुलदीप समाधिया, आरक्षी अमित कुमार एवं महिला आरक्षी प्रिया यादव की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *