संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत थाना भोगनीपुर थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वर्ष 2000 के सड़क दुर्घटना मामले में आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर 2000 को अभियुक्त सन्तराम निवासी ग्राम जरी थाना देवराहट जनपद कानपुर देहात द्वारा लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक व्यक्ति को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस संबंध में थाना भोगनीपुर में मु0अ0सं0 309/2000 धारा 279/338 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलित कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय में गवाहों एवं साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने पर माननीय जेएम भोगनीपुर न्यायालय ने अभियुक्त को दोषी करार दिया।
न्यायालय ने 21 मई 2026 को अभियुक्त को न्यायालय उठने तक की सजा एवं 1,800 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में 10 दिन के साधारण कारावास की सजा भुगतनी होगी।
पुलिस विभाग ने बताया कि अपराधियों को सजा दिलाने के उद्देश्य से ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत पुलिस, अभियोजन एवं मॉनिटरिंग सेल द्वारा प्रभावी पैरवी की जा रही है।