संवाददाता | उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में चिकित्सकों एवं तीमारदारों के मध्य हुए विवाद एवं उससे उत्पन्न घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन जांच के लिए त्रिस्तरीय जांच समिति गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 की मध्य रात्रि लगभग 12 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में चिकित्सकों और तीमारदारों के बीच विवाद की घटना सामने आई थी। घटना के बाद उत्पन्न परिस्थितियों एवं पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए।
गठित जांच समिति में अपर जिलाधिकारी प्रेमचंद्र मौर्य को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं समिति में सह आचार्य एवं विभागाध्यक्ष फॉरेंसिक मेडिसिन डॉ. पुनीत अवस्थी तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी को सदस्य नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिए हैं कि पूरे घटनाक्रम के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जाए। समिति विवाद के कारणों, संबंधित पक्षों की भूमिका, मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी प्रबंधन तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का परीक्षण कर उत्तरदायी व्यक्तियों एवं परिस्थितियों का चिन्हांकन करेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य संस्थानों में अनुशासन, सुरक्षा एवं बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने समिति को निर्देशित किया कि जांच आख्या शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि मामले में समयबद्ध निर्णय लेते हुए आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।