जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति तथा जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में लखपति दीदी योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रगति संतोषजनक न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में परिवार संतृप्तिकरण एवं समूह गठन की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर ब्लॉक मिशन मैनेजरों के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समूह गठन की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित की जाए तथा सभी ब्लॉक मिशन मैनेजर एवं जिला मिशन मैनेजर फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करें।
साथ ही पूर्व में गठित स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते अगली समीक्षा बैठक से पहले शत-प्रतिशत खोलने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्टार्टअप योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों को प्रोत्साहित करते हुए पात्र समूहों की पत्रावलियां तैयार कर ग्राम निधि पर मांग दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त आर्थिक आरएफ एवं सीआईएफ वितरण हेतु लंबित पत्रावलियों को शीघ्र पूर्ण करने, एसएचजी, वीओ एवं सीएलएफ के ऑडिट की ऑनलाइन फीडिंग एक सप्ताह में पूरी कराने तथा समस्त कैडरों की जानकारी पोर्टल पर समयबद्ध अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समूह गठन एवं परिवार संतृप्तिकरण में सहयोग करें तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से समूहों की महिलाओं को जोड़कर उन्हें “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में कार्य करें।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, डीसी एनआरएलएम गंगाराम, उपायुक्त मनरेगा अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।