सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान

मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन एवं 1076 सहित अन्य आवश्यक पुलिस सेवाओं के बारे में बताया गया।

इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने की जानकारी दी गई। महिलाओं को सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं फर्जी खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीमों द्वारा POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों के बारे में बताया गया।

सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण अभियान का उद्देश्य

मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को और मजबूत करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

पुलिस ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *