इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर चुनाव का ऐलान, 23 अक्टूबर को मतदान

6 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन, 7 अक्टूबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच; 27 अक्टूबर को मतगणना

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद सदस्य की रिक्त सीट को भरने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। रिटर्निंग ऑफिसर एवं झांसी मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार इस निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। विधान परिषद की संबंधित सीटों के लिए मतदान और मतगणना का कार्यक्रम निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित किया गया है।

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर जनपदों का संपूर्ण क्षेत्र शामिल है। स्नातक निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया जा चुका है।

6 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन

निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी अपने नामांकन पत्र 6 अक्टूबर 2026 तक, लोक अवकाश को छोड़कर, प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच न्यायालय कक्ष, आयुक्त झांसी मंडल, कमिश्नरी परिसर, झांसी में रिटर्निंग ऑफिसर अथवा अधिकृत सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा कर सकेंगे।

7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच

नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे न्यायालय कक्ष, आयुक्त झांसी मंडल में की जाएगी। वहीं अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे निर्धारित की गई है।

23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना

यदि निर्वाचन में मतदान की स्थिति बनती है तो 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित जनपदों में निर्धारित मतदान स्थलों पर वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना कराई जाएगी।

निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों और कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *