प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का होगा चयन, 30 सितंबर और एक अक्टूबर को जिला स्तरीय ट्रायल
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद की खेल प्रतिभाओं को मौका देने के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय की ओर से सब-जूनियर बालिका बास्केटबॉल और सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर ट्रायल में प्रतिभाग कर सकेंगी।
30 सितंबर को बालिका बास्केटबॉल का ट्रायल
जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने बताया कि सब-जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 30 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में आयोजित होगा।
जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय ट्रायल उसी दिन दोपहर 3 बजे ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में होगा। प्रदेश स्तरीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 8 से 11 अक्टूबर 2026 तक कानपुर देहात में किया जाएगा।
एक अक्टूबर को महिला बॉक्सिंग के लिए चयन
सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में आयोजित किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय ट्रायल 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में होगा।
प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक झांसी में आयोजित की जाएगी।
जन्मतिथि प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड लाना होगा
जिला क्रीड़ाधिकारी ने इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे नगर निगम द्वारा जारी जन्मतिथि प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड साथ लेकर निर्धारित समय पर ट्रायल स्थल पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि यह जनपद की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए अपनी प्रतिभा साबित कर राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में चयन ट्रायल में शामिल होने की अपील की है।