कानपुर देहात में साक्ष्य संकलन को मिलेगा वैज्ञानिक स्वरूप

जालौन मॉडल की तर्ज पर सर्किल स्तर पर तैयार होगी मिनी फील्ड यूनिट, पुलिसकर्मियों को दिया गया फॉरेंसिक प्रशिक्षण

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। अपराध की विवेचना को अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी बनाने की दिशा में कानपुर देहात पुलिस ने पहल शुरू की है। जालौन मॉडल की तर्ज पर अब जनपद के प्रत्येक सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट तैयार की जाएगी। इसके लिए पुलिसकर्मियों को घटनास्थल से फॉरेंसिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पुलिसकर्मियों को दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण

इसी क्रम में मंगलवार को सर्किल अकबरपुर के विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को थाना अकबरपुर परिसर में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित, व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से एकत्र करने की व्यवहारिक जानकारी दी गई।

साथ ही साक्ष्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और विवेचना के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में भी पुलिसकर्मियों को जानकारी दी गई।

एसपी ने वैज्ञानिक साक्ष्य की उपयोगिता पर दिया जोर

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने प्रतिभाग किया। उन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की उपयोगिता और अपराध की विवेचना में इसकी अहम भूमिका पर जोर दिया।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि घटनास्थल पर उपलब्ध प्रत्येक महत्वपूर्ण साक्ष्य को सावधानीपूर्वक संरक्षित किया जाए और निर्धारित वैज्ञानिक प्रक्रिया के अनुरूप उसका संकलन सुनिश्चित किया जाए।

प्राथमिक स्तर पर ही साक्ष्य जुटाने पर जोर

पुलिस के मुताबिक इस पहल का मुख्य उद्देश्य घटनास्थल पर उपलब्ध महत्वपूर्ण साक्ष्यों का प्राथमिक स्तर पर ही वैज्ञानिक तरीके से संकलन सुनिश्चित करना है। इससे विवेचना की गुणवत्ता बेहतर करने और मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग में मदद मिलेगी।

अन्य सर्किलों में भी होगा प्रशिक्षण

आगामी चरण में जनपद के अन्य सर्किलों में भी पुलिसकर्मियों को इसी प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद सर्किल स्तर पर मिनी फील्ड यूनिट विकसित की जाएगी। इससे घटनास्थल पर प्रारंभिक फॉरेंसिक साक्ष्य संकलन की व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

प्रशिक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर हरमीत सिंह, निरीक्षक रीना गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *