आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान

सेवा संकल्प अभियान के तहत आलापुर और जूनिया में तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह

संवाददाता
कानपुर देहात

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत सोमवार को जनपद के आलापुर एवं जूनिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर बच्चों, अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से संवाद कर बेहतर पोषण और बच्चों के समुचित विकास के प्रति जागरूक किया।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस दौरान अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

हेल्दी बेबी प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया गया।

वहीं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जन-जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं महिलाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रमाण पत्र वितरित कर उनके कार्यों की सराहना की गई और भविष्य में भी इसी तरह बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवेश का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा बहुओं, लाभार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

पोषण और बाल विकास के केंद्र के रूप में मजबूत होंगे आंगनबाड़ी केंद्र

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास और जन-जागरूकता के प्रभावी केंद्र के रूप में मजबूत करना रहा। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *