संवाददाता, कानपुर देहात
कानपुर देहात, 22 जून 2026। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना संचालित की जा रही है।
योजना के तहत भारत सरकार की संस्था नीलिट (NIELIT – National Institute of Electronics and Information Technology) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से अभ्यर्थियों को सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
पात्रता की प्रमुख शर्तें
- आवेदक उत्तर प्रदेश का निवासी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का होना चाहिए।
- अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से अधिकतम 1 लाख रुपये तक हो।
- न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
- आवेदक की अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए।
- अभ्यर्थी बेरोजगार हो तथा किसी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहा हो।
- प्रशिक्षण अवधि तीन माह की होगी।
प्रशिक्षण एवं शुल्क व्यवस्था
योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण भारत सरकार की अधिकृत संस्था से मान्यता प्राप्त कंप्यूटर संस्थानों के माध्यम से कराया जाएगा। विभाग द्वारा चयनित संस्थान को प्रति लाभार्थी अधिकतम 3,500 रुपये तक प्रशिक्षण शुल्क का भुगतान किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया
प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में दर्ज जानकारी का सत्यापन मूल अभिलेखों, जैसे आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं शैक्षिक प्रमाण पत्रों से किया जाएगा।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, दिशा-निर्देश एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है:
ओबीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण पोर्टल
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक संलग्नकों सहित 10 जुलाई 2026 को सायं 5:00 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कमरा संख्या-111, कानपुर देहात में जमा करना अनिवार्य होगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।