संवाददाता | कानपुर देहात
अकबरपुर (कानपुर देहात)। क्षेत्रवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को अकबरपुर स्थित मालती गेस्ट हाउस में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान बिजली, पेयजल, सड़क, जल निकासी, चिकित्सा, राजस्व तथा सामाजिक कल्याण विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। राज्यमंत्री ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराई, जबकि अन्य मामलों के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
ग्राम बिगाही निवासी राजबहादुर ने गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने तथा सड़क पर गंदा पानी भरे रहने की समस्या रखी। इस पर राज्यमंत्री ने खंड विकास अधिकारी, अकबरपुर से बात कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जलालपुर नागिन निवासी 12 वर्षीय राखी ने अपने पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यमंत्री ने जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव को निर्देशित किया कि राखी तथा उसके नौ वर्षीय भाई आर्यन को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
सरियापुर निवासी छूटकऊ तिवारी ने भूमि पैमाइश का प्रकरण प्रस्तुत किया। इस पर राज्यमंत्री ने उपजिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पांडेय से फोन पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा संबंधित पत्र भी प्रेषित किया।
वहीं मोहम्मदपुर तोड़ा निवासी राहुल कुमार ने गांव में लगभग 150 मीटर सड़क निर्माण की मांग रखी। राज्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रस्ताव के अनुरूप सड़क निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराई जाएगी।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनसमस्याओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त सभी प्रार्थना-पत्रों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर बउवा पांडेय, श्यामबिहारी पांडेय, नरेंद्र तिवारी, सरमन तिवारी, महेश राजावत, शिव सिंह नायक, हरिओम द्विवेदी, शिवा पांडेय, रामजी तिवारी, राहुल, घनश्याम शुक्ला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।