अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह के अंतर्गत पुलिस लाइन और जिला कारागार में हुआ योगाभ्यास कार्यक्रम

संवाददाता, कानपुर देहात

बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) एवं योग सप्ताह (15 जून से 21 जून 2026) के अवसर पर जनपद कानपुर देहात में विभिन्न योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में आयुष विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों में योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए।

इसी क्रम में 19 जून 2026 को 50 शैय्या आयुष एकीकृत चिकित्सालय, कानपुर देहात में योगाभ्यास कार्यक्रम एवं योगाभ्यास प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए योग के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रज्ञा कंसोरिया एवं डॉ. अर्चना सरोज द्वारा किया गया।

योग सप्ताह के अंतर्गत जनपदीय स्तर पर विभिन्न सरकारी एवं कॉरपोरेट कार्यालयों में वाई-ब्रेक प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरकारी संस्थानों में रिजर्व पुलिस लाइंस एवं जिला कारागार में विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

जिला चिकित्सालयों एवं मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में डॉ. आरती यादव के सानिध्य में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वाई-ब्रेक योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं कॉरपोरेट क्षेत्र में अमूल एवं आरएसपीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित लगभग 750 प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

नगर पंचायत रनिया में भी अध्यक्ष श्रीमती विधान दिवाकर की उपस्थिति में योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समस्त कार्यक्रमों का आयोजन डॉ. कप्तान सिंह के निर्देशन में तथा योग नोडल अधिकारी डॉ. पवन सिंह, डॉ. आफताब आलम, डॉ. अमर सिंह, डॉ. ब्रजेश आर्य, डॉ. रविंद्र सिंह एवं डॉ. शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद भर में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आयुष मंत्रालय द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 के माध्यम से योग सत्रों में पंजीकरण कराने की भी जानकारी प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *