कानपुर देहात। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के मार्गदर्शन में जनपद के समस्त थाना परिसरों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (योगा फॉर हेल्दी एजिंग)” रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
योगाभ्यास सत्र के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। साथ ही योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, मानसिक शांति बनाए रखने, कार्यक्षमता बढ़ाने तथा सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा जीवन में संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और अपने दैनिक जीवन में नियमित रूप से योग को शामिल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी को स्वस्थ, तनावमुक्त एवं अनुशासित जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया गया।
जनपद पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य, कार्यक्षमता एवं मानसिक संतुलन को बेहतर बनाना तथा योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।