अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में सामूहिक योगाभ्यास, “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” का दिया गया संदेश

कानपुर देहात। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन कानपुर देहात के परेड ग्राउंड में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (योगा फॉर हेल्दी एजिंग)” निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा बढ़ती आयु में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मानसिक तनाव से मुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित योग शिविर में योग प्रशिक्षक जय प्रकाश ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग प्रशिक्षक ने बताया कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक लचीलापन, ऊर्जा एवं आत्मबल बढ़ाता है, बल्कि मानसिक शांति, अनुशासन और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन में शामिल कर अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है तथा बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। विशेष रूप से पुलिस कर्मियों के लिए योग तनावमुक्त रहकर अपने कर्तव्यों का प्रभावी निर्वहन करने का एक महत्वपूर्ण साधन है।

कार्यक्रम का समापन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा योग प्रशिक्षक जय प्रकाश को सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *