कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया। साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा एवं 1076 पुलिस कंट्रोल रूम जैसी सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को यूपी कॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी दी तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए। जागरूकता कार्यक्रम में फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों से सतर्क रहने के संबंध में व्यावहारिक सुझाव दिए गए।
इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं कानूनों की जानकारी भी प्रदान की गई। इनमें पॉक्सो अधिनियम (POCSO), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को और अधिक प्रभावी बनाना है।
कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तुरंत निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। पुलिस ने समाज के सभी वर्गों से महिला सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।