जालौन में 14 दिसम्बर को पल्स पोलियो राउंड: 2.19 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

जिलाधिकारी ने की माइक्रोप्लान, प्रशिक्षण और कवरेज की गहन समीक्षा

जालौन, 14 नवंबर 2025।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी पल्स पोलियो एस.एन.आई.डी. राउंड की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार अभियान में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और शत-प्रतिशत कवरेज हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 14 दिसम्बर 2025 को जनपद में 1188 बूथों पर पोलियो दवा पिलाई जाएगी तथा 0–5 वर्ष आयु वर्ग के 2,19,356 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि देश भले ही पोलियो-मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन यह उपलब्धि निरंतर सतर्कता और सघन अभियान से ही बरकरार रखी जा सकती है।

उन्होंने निर्देश दिया कि:

  • 16–23 नवम्बर के बीच सभी इकाइयाँ माइक्रोप्लान का पुनरीक्षण हर हाल में पूरा करें।

  • 8 दिसम्बर तक माइक्रोप्लान की प्रतियाँ जिला स्तर पर उपलब्ध करा दी जाएँ।

  • दिसम्बर के प्रथम सप्ताह में वैक्सीनेटर और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण डब्ल्यूएचओ के सहयोग से कराया जाएगा।

  • 13 दिसम्बर को जिला चिकित्सालय उरई से जनजागरूकता रैली निकाली जाएगी।

  • 14 दिसम्बर को सभी बूथों पर बूथ दिवस के रूप में बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।

  • 15–19 दिसम्बर के बीच 590 टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएँगी।

  • 22 दिसम्बर को बी-टीम द्वारा कवरेज की अंतिम समीक्षा की जाएगी।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि उरई अर्बन, चिरिया, कदौरा, जालौन अर्बन, पिंडारी और कोंच अर्बन क्षेत्रों में पिछले राउंड में बूथ कवरेज 60 प्रतिशत से कम रहा था। इसे गंभीर बताते हुए उन्होंने इस बार शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

विशेष रूप से उरई अर्बन के 12 क्षेत्रों में पाए गए 525 गिरिड घरों (छूटे हुए घरों) पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि माइक्रोप्लान तैयार करते समय एक भी घर छूटना स्वीकार्य नहीं है।
अभियान की मॉनिटरिंग के लिए 186 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कम कवरेज वाले क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर तत्काल सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर की शामकालीन दैनिक बैठकों में शिक्षा, आईसीडीएस, पंचायत विभाग सहित सभी सहयोगी विभागों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि अभियान को सफल बनाने में पूरी निष्ठा से सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि जनपद का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र भिटौरिया, सीएमएस आनंद उपाध्याय सहित संबंधित चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *