खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रसोई में कार्यरत बंदियों को दिए स्वच्छता व गुणवत्ता संबंधी निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
उरई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशों के क्रम में जिला कारागार उरई में निरुद्ध बंदियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वी०के० राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैयालाल यादव एवं कारागार चिकित्साधिकारी डा० सर्वेश कुमार द्वारा रसोईघर में कार्यरत बंदियों को भोजन की स्वच्छता एवं गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए बताया कि बालों की साफ-सफाई, नाखूनों का छोटा व स्वच्छ होना तथा बर्तनों की पूर्ण स्वच्छता सुरक्षित एवं शुद्ध भोजन की अनिवार्य शर्त है। साथ ही रसोई कार्य के दौरान स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के उपरांत जेल अधीक्षक नीरज देव द्वारा खाद्य सुरक्षा टीम के साथ कारागार के रसोईघर एवं खाद्यान्न भंडार गृह का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रसोईघर, भंडार गृह तथा उपयोग में लाए जा रहे बर्तनों की गहन जांच की गई, जिसमें सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं दुरुस्त पाई गईं।
जिला कारागार उरई प्रशासन की यह पहल सर्दी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए बंदियों को स्वच्छ, ताजा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय एवं महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर कारागार चिकित्साधिकारी डा० सर्वेश कुमार, उप कारापाल/खाद्य प्रभारी अमर सिंह, उप कारापाल सर्किल इंचार्ज रामलखन सहित अन्य कारागार स्टाफ उपस्थित रहा।