शीतकालीन मौसम में अपराध नियंत्रण हेतु रात्रि गश्त व सतर्कता पर दिया गया विशेष जोर
जनपद — कानपुर देहात
दिनांक — 25.12.2025
संवाददाता — कानपुर देहात
जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदया कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा दिनांक 25 दिसंबर 2025 को देर रात्रि थाना सिकन्दरा, थाना मंगलपुर एवं थाना डेरापुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा थाना कार्यालय, जनरल डायरी, ड्यूटी रजिस्टर, मालखाना, सीसीटीएनएस कार्यालय, अभिलेखों के रख-रखाव तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की गहनता से जांच की गई। सीसीटीएनएस प्रणाली के सुचारु संचालन, समयबद्ध एवं शुद्ध प्रविष्टियां सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात महोदया द्वारा थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। मिशन शक्ति से संबंधित रजिस्टरों, महिला शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति एवं अन्य अभिलेखों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक एवं मिशन शक्ति केन्द्र पर तैनात महिला आरक्षियों से संवाद कर उनके अनुभवों एवं समस्याओं को भी जाना गया।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित प्रत्येक शिकायत पर त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतकर्ता महिलाओं के साथ विनम्रता एवं धैर्यपूर्वक व्यवहार करते हुए उन्हें समयबद्ध न्याय दिलाने के लिए विधिक प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
निरीक्षण के दौरान महोदया द्वारा आरटी सेट के माध्यम से जनपद के समस्त थाना प्रभारियों से संवाद स्थापित कर चोरी, नकबजनी, वाहन चोरी एवं अन्य रात्रिकालीन आपराधिक घटनाओं की रोकथाम हेतु सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, निरंतर भ्रमणशील रहने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग तथा किसी भी घटना की सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
शीतकालीन मौसम को दृष्टिगत रखते हुए थाना क्षेत्रों में स्थापित पिकेट, रात्रि गश्त एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। ठंड के मौसम में अपराध की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक महोदया ने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, शालीन जनसुनवाई एवं उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।