सम्पूर्ण समाधान दिवस में 38 शिकायतें प्राप्त, 08 का तत्काल निस्तारण — जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दी कड़ी हिदायत

जनपद जालौन, 06 दिसम्बर 2025 | सूचना विभाग

तहसील सभागार जालौन में शनिवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 38 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए।

दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने और जनसंतोष सुनिश्चित करते हुए त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि आमजनमानस की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी पाण्डेय ने कहा कि “समाधान दिवस जनता की समस्याओं को सीधे प्रशासन के सामने रखने का सबसे भरोसेमंद मंच है। इसे औपचारिकता न मानते हुए जनहित का प्रभावी साधन बनाना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।”

उन्होंने राजस्व विभाग को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि जमीन से जुड़े विवादों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता और प्राथमिकता से किया जाए। साथ ही पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आदेशित किया कि आज प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और इसकी विस्तृत रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए।

समाधान दिवस के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल, उप जिलाधिकारी न्यायिक विशेश्वर यादव, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी देवेंद्र भिटौरिया, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *