संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात।
दिनांक 30.12.2025 को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जनपदीय थाना पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना तथा विभिन्न अपराधों से सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराना रहा। इस दौरान 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
साथ ही, UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी खातों से बचाव—के संबंध में आवश्यक सावधानियां साझा की गईं।
कानूनी अधिकारों के अंतर्गत महिलाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
इस अभियान के माध्यम से कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त, सुरक्षित एवं जागरूक बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की गई।