सीएम डैशबोर्ड पर पिछड़ने वाले अधिकारियों पर सख्ती, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

लापरवाही पर वेतन रोका, जनकल्याणकारी योजनाओं की गुणवत्ता व गति पर जोर

संवाददाता — उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम डैशबोर्ड एवं विभिन्न विकास योजनाओं व निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), फैमिली आईडी, 15वें एवं 5वें वित्त आयोग की योजनाएं, राज्य योजना, निपुण परीक्षा मूल्यांकन, मध्यान्ह भोजन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पशुपालन विभाग के अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान, सेतु निर्माण, सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण, ओडीओपी वित्त पोषण, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा सीएमआईएस से संबंधित निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फैमिली आईडी योजना में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं समीक्षा बैठक में सेतु निगम के अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोके जाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, पिछड़ा वर्ग कल्याण की पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं तथा समाज कल्याण विभाग की अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्य संस्कृति में सुधार, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, अपर कृषि निदेशक सुशील कुमार उत्तम, जिला विकास अधिकारी निशान्त पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, डीएसटीओ नीरज चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *