सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिक 31 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से कराएं पंजीयन नवीनीकरण

नवीनीकरण न होने पर योजनाओं का लाभ होगा बंद

संवाददाता
कानपुर देहात | 15 दिसंबर 2025

सहायक श्रमायुक्त राम अशीष ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव के निर्देशानुसार पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन नवीनीकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे सभी निर्माण श्रमिक जिन्होंने पिछले चार वर्ष या उससे अधिक समय से अपना पंजीयन नवीनीकरण नहीं कराया है, उन्हें पोर्टल पर निष्क्रिय सूची में डाल दिया जाएगा।

निष्क्रिय सूची में शामिल श्रमिकों को पंजीकृत श्रमिकों की श्रेणी में नहीं गिना जाएगा, जिससे वे बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाएंगे। श्रमिकों की सुविधा को देखते हुए बोर्ड द्वारा पंजीयन नवीनीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2025 कर दी गई है।

सहायक श्रमायुक्त ने जनपद कानपुर देहात के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी जन सुविधा केंद्र (CSC) पर जाकर श्रम कार्ड, आधार कार्ड तथा निर्माण श्रमिक होने का 90 दिन का प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर निर्धारित तिथि तक नवीनीकरण अवश्य करा लें, ताकि योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।

पंजीयन एवं नवीनीकरण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए श्रमिक टोल फ्री नंबर 18001805412 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *