बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी
संवाददाता
कानपुर देहात
दिनांक 28 जनवरी 2026 को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर थाना स्तर की पुलिस टीमों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा योजनाओं, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी भी दी गई।
इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया व इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी खातों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। कानूनी अधिकारों के अंतर्गत POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट से संबंधित प्रावधानों की भी जानकारी प्रदान की गई।
कानपुर देहात पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है।