नोडल अधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी का किया निरीक्षण

मरीजों व तीमारदारों से किया संवाद, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संवाददाता — उरई/जालौन

उ०प्र० शासन द्वारा नियुक्त जनपद के नोडल अधिकारी एवं सचिव, कृषि विभाग श्री इन्द्र विक्रम सिंह ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी इकाई का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकों व स्टाफ की उपस्थिति का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के समय नोडल अधिकारी ने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था, दवा उपलब्धता एवं चिकित्सकीय व्यवहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों एवं तीमारदारों ने स्वास्थ्य सेवाओं को संतोषजनक एवं बेहतर बताया।

नोडल अधिकारी ने चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इमरजेंसी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आपातकालीन कक्ष में आने वाला प्रत्येक मरीज शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उसका उपचार त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इमरजेंसी में आवश्यक दवाएं, चिकित्सकीय उपकरण एवं स्टाफ की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। नोडल अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सीधे आमजन के जीवन से जुड़ी है, इसलिए चिकित्सकीय सेवाओं में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्देशित किया गया कि इमरजेंसी की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं अधीक्षक, संबंधित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *