सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गुणवत्ता, समयबद्धता व जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

संवाददाता
उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सीएम डैशबोर्ड तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित सभी बिंदुओं का नियमित अनुश्रवण करते हुए योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए तथा फील्ड स्तर पर सत्यापन को प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने, जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा प्रगति रिपोर्ट को नियमित रूप से अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *