रसूलाबाद की बेटी प्रतिमा की अनोखी विदाई: हेलीकॉप्टर से विदाई ने नगर में खुशियों की बौछार कर दी

जालौन जनवाणी संचार

रसूलाबाद कानपुर देहात। रसूलाबाद के इतिहास में एक ऐसा पल आया जब पहली बार किसी सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटी की शादी की विदाई हेलीकॉप्टर से दी गई। यह अनोखी विदाई न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे नगर के लिए गर्व और खुशी का विषय बन गई। रसूलाबाद के गौतम बुद्ध नगर निवासी किसान अमर सिंह यादव की पुत्री प्रतिमा जो बैंगलोर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं ने पटना के विकास यादव से शादी रचाई है। जो स्वयं एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

शादी की सभी रस्में कानपुर के एक गेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई। हर उस अवसर को चमक-दमक देखने को मिली। लेकिन विदाई का पल ही सबसे रोमांचक और हृदयस्पर्शी रहा। जब पूरा परिवार प्रतिमा के गृह निवास पर इकट्ठा हुआ तो हर किसी की आंखों में खुशी के आंसू छलक रहे थे। फूलों की वर्षा करते हुए जोश और सम्मान के साथ बेटी को हेलीकॉप्टर से विदा किया गया। आसमान में उड़ते हेलीकॉप्टर विदाई की इस अनूठी पहल को देख हर कोई अभिभूत था।

पिता अमर सिंह यादव का गर्व अपनी बेटी की उड़ान देखकर मानो आसमान छू रहा था। उन्होंने भावुक होकर अपने करीबी जनों से बधाइयाँ स्वीकार की और चेहरे पर हर पल गर्व और खुशी की झलक थी। हालांकि परिवार के एक सदस्य की कुछ अड़चनों में इस खुशी को कम तो किया लेकिन पूरे परिवार की एकता और प्रेम उसे पीछे छोड़ गया। प्रतिमा और विकास को फूलों की माला पहनाकर फूलों की बरसात करते हुए हेलीकॉप्टर में बैठाया गया।

हेलीकॉप्टर ने पहले रसूलाबाद नगर की परिक्रमा के साथ सिद्धपीठ धर्मगढ बाबा मंदिर की परिक्रमा कर पूरे नगर की आशीर्वाद ली। इसके बाद यह खुशी का सैलाब लेकर लखनऊ एयरपोर्ट की ओर रवाना हुआ। हेलीकॉप्टर की महिला पायलट प्रान्सी जैन ने बताया यह उड़ान लगभग चालीस मिनट की है और यह हमारे लिए भी बेहद खास और यादगार पल रहेगा।

विदाई समारोह में समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय गुप्ता और भाजपा के जिला मंत्री जीतेंद्र त्रिपाठी उर्फ जीतू सहित हजारों नगरवासियों ने अपनी उपस्थिति देकर इस खुशी में चार चाँद लगा दिए। यह विदाई केवल एक बेटी की नहीं बल्कि एक नए युग की आधुनिकता और परिवार के अपार प्रेम की प्रेरणा बन गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *