निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक

दावे–आपत्तियों की साप्ताहिक सूची उपलब्ध कराने पर दिया गया जोर

संवाददाता — कानपुर देहात

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को दावे एवं आपत्तियों की साप्ताहिक सूची उपलब्ध कराए जाने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट कानपुर देहात में किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह द्वारा की गई।

बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अवधि में प्राप्त सभी दावे एवं आपत्तियों की सूची प्रत्येक सप्ताह सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को सक्रिय रखने की अपील की तथा जानकारी दी कि 31 जनवरी एवं 01 फरवरी 2026 को आयोजित विशेष अभियान दिवस के दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भरवाने का आग्रह करते हुए स्पष्ट किया कि फॉर्म के साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है। साथ ही मकान संख्या के साथ निकटवर्ती स्पष्ट लैंडमार्क अंकित करने के निर्देश दिए गए, जिससे सत्यापन प्रक्रिया सरल हो सके।

बैठक में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित प्रक्रियाओं, उपयोगिता एवं सावधानियों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक साप्ताहिक बैठक का विधिवत फोटोग्राफ एवं कार्यवृत्त (मिनट्स) सुरक्षित रखा जाए, जिससे जवाबदेही बनी रहे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचक नामावली में परिवर्धन अथवा अपमार्जन से संबंधित किसी भी शिकायत अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि की सूचना प्राप्त होने पर उसका नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, समाजवादी पार्टी से शेखू खान एवं बृजमोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी से श्यामू शुक्ला, आम आदमी पार्टी से रोहित यादव सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *