संवाददाता — कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क सुरक्षा परिषद के निर्देशों के अनुपालन में जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 19 जनवरी 2026 को जनपद कानपुर देहात के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में डायल-112 के पुलिस कर्मियों हेतु फर्स्ट रेस्पॉन्डेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु-दर को शून्य करने के लिए पुलिस कर्मियों की प्राथमिक चिकित्सा सहायता (First Response) क्षमता को मजबूत करना था। प्रशिक्षण में चयनित पुलिस कर्मियों को गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव नियंत्रण, CPR (कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन), तथा रोगी को सुरक्षित ढंग से उठाकर अस्पताल पहुंचाने से पूर्व की आपातकालीन देखभाल जैसी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम द्वारा विस्तृत सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक डायल-112, प्रभारी निरीक्षक यातायात एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।