मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान, सैकड़ों महिलाएं हुईं जागरूक

संवाददाता | कानपुर देहात

मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत 25 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने उन्हें महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) के बारे में अवगत कराया।

इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया और इंटरनेट से जुड़े साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी—से बचाव के उपाय भी बताए गए।

जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसमें POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम शामिल हैं।

पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *