विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित, बचाव के प्रति किया गया जागरूक

संवाददाता | कानपुर देहात

विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर 25 अप्रैल 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, कानपुर देहात के सभागार में जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने की।

संगोष्ठी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एल. वर्मा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष बाजपेई, डॉ. डी.के. सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मारुति दीक्षित सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को मलेरिया से बचाव हेतु शपथ दिलाई गई।

इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस 2026 की थीम “Driven to End Malaria: Now We Can, Now We Must” (मलेरिया को समाप्त करने का दृढ़ संकल्प: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना होगा) रखी गई है। संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों को मलेरिया के कारण, लक्षण, उपचार एवं बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने बताया कि मलेरिया रोग प्लाज्मोडियम नामक परजीवी के कारण होता है, जो मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। इससे बचाव के लिए आसपास जलभराव न होने देना अत्यंत आवश्यक है। जहां जलभराव हटाना संभव न हो, वहां तेल या दवा का छिड़काव करने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना, मच्छर रोधी क्रीम, कॉइल, अगरबत्ती और रिपेलेंट का उपयोग करने की सलाह दी गई।

लक्षणों के बारे में बताते हुए कहा गया कि ठंड लगकर बुखार आना, कंपकंपी, सिरदर्द, उल्टी या मितली जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच करानी चाहिए और पूरा उपचार लेना चाहिए।

इसके अतिरिक्त जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को मलेरिया के प्रति जागरूक किया गया तथा शपथ दिलाई गई। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को इस रोग के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *