संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की उपलब्धता और भंडारण की स्थिति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह सहित विभिन्न ऑयल कंपनियों के अधिकारी, पूर्ति विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, गैस एजेंसी संचालक एवं पेट्रोल पंप डीलर ऑनलाइन माध्यम (जूम) के जरिए जुड़े।
बैठक के दौरान इंडियन ऑयल, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम, नायरा एनर्जी सहित अन्य कंपनियों के अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कृषि कार्यों के चलते ईंधन की मांग में अस्थायी वृद्धि हुई है, लेकिन वर्तमान में स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
घरेलू गैस आपूर्ति की समीक्षा में बताया गया कि गैस वितरण में कोई कटौती नहीं की गई है और उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि, कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पर उच्च स्तर से कैपिंग लागू है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक उपभोक्ता को बुकिंग के बाद समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं के साथ शिष्ट एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के भीतर सिलेंडर बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित है, जिसका पालन उपभोक्ताओं को करना होगा।
इसके अलावा प्रवासी मजदूरों, छात्रों एवं अन्य जरूरतमंदों के लिए 5 किलोग्राम (एफटीएल) गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए आधार कार्ड के माध्यम से संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क किया जा सकता है।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए बैठक का समापन किया।