संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा वर्चुअल माध्यम से जनसुनवाई की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने गूगल मीट के माध्यम से क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर विभिन्न थानों व कार्यालयों में आए फरियादियों की समस्याओं की जानकारी ली।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका उचित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।