रॉन्ग साइड, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइविंग और बिना हेलमेट चलने वालों पर चलेगा विशेष अभियान
संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने की, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि वाहन चालकों और परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य एवं दक्षता परीक्षण कराने के लिए विशेष कैम्प आयोजित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइविंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सके। इसके साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि स्कूलों और कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के बीच नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे युवाओं में प्रारंभ से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित हो।
जिलाधिकारी ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि ऐसी स्थिति में वाहन स्वामी या अभिभावक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालक व परिचालक के नाम व मोबाइल नंबर, रोड रिफ्लेक्टर सहित सभी सुरक्षा मानकों की समय-समय पर अनिवार्य रूप से जांच की जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सचिव ओडीए, सिटी मजिस्ट्रेट और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उरई को निर्देशित किया कि दुकानों के बाहर अवैध अतिक्रमण न होने दिया जाए तथा व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (सीडी-प्रथम), एआरटीओ राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।