उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने फार्म-7 की प्रक्रिया पर दी विस्तृत जानकारी

संवाददाता
उरई/जालौन

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए जाने हेतु चल रहे एसआईआर अभियान की जानकारी साझा करना तथा समन्वय स्थापित करना रहा।

बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने फार्म-06, 07, 08, 09, 10 एवं 11 के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-06 अवश्य भरना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने फार्म-7 की प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए बताया कि यह फार्म केवल आपत्ति दर्ज करने के लिए निर्धारित है। यदि मतदाता सूची में किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज है अथवा किसी नए मतदाता द्वारा फार्म-06 के माध्यम से नाम जोड़े जाने पर किसी को आपत्ति हो, तो ऐसी स्थिति में फार्म-7 प्रस्तुत किया जा सकता है। फार्म-7 भरने का अधिकार केवल उसी विधानसभा क्षेत्र के उस मतदाता को है, जिसका नाम पहले से निर्वाचक नामावली में दर्ज हो। यह संपूर्ण प्रक्रिया निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम-2023 के अंतर्गत संपादित की जाती है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फार्म-7 में आपत्ति करने वाले व्यक्ति को अपना नाम, मतदाता पहचान पत्र का विवरण, जिस व्यक्ति के नाम पर आपत्ति की जा रही है उसका विवरण तथा आपत्ति का स्पष्ट कारण अंकित करना अनिवार्य होता है, जैसे संबंधित व्यक्ति की मृत्यु, भारत का नागरिक न होना अथवा अन्य स्थान पर नाम दर्ज होना। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फार्म-7 प्राप्त होने के पश्चात जांच की जाती है और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाता है। उन्होंने कहा कि केवल फार्म-7 भर देने मात्र से किसी मतदाता का नाम नहीं कटता है। मतदाता सूची में संशोधन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप होती है, जिसमें पर्याप्त जांच एवं सुरक्षा प्रावधान निहित हैं।

इस अवसर पर भाजपा से शांतिस्वरूप महेश्वरी, सपा से राजीव शर्मा, बसपा से भगवती शरण पांचाल, कांग्रेस से कमल तथा सीपीआई(एम) से विनोद कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *