महिला सुरक्षा को और सशक्त बनाने हेतु दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाददाता — कानपुर देहात
कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण से जुड़ी शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समन्वय एवं मार्गदर्शन गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह गोष्ठी पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित सभागार कक्ष में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश पाण्डेय द्वारा की गई।
गोष्ठी में जनपद के समस्त थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने हेतु कार्यरत स्टाफ से सीधा संवाद स्थापित करना, कार्यों की समीक्षा करना तथा आगामी रणनीति तय करना रहा।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश पाण्डेय ने उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए मिशन शक्ति के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए—
-
महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
-
पीड़िताओं को कानूनी सहायता, परामर्श एवं पुनर्वास सुविधाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल व प्रभावी बनाया जाए।
-
सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ जन जागरूकता अभियानों को निरंतर संचालित किया जाए।
-
थाना स्तर पर मिशन शक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली में सुधार करते हुए संबंधित विभागों व एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “मिशन शक्ति केवल एक योजना नहीं, बल्कि महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता है। जमीनी स्तर पर तैनात स्टाफ इसकी रीढ़ है। उनके समर्पण और अनुभव से ही हम महिलाओं के लिए एक सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।”
गोष्ठी में समस्त क्षेत्राधिकारीगण सहित मिशन शक्ति केन्द्रों पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से कानपुर देहात पुलिस ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और गंभीरता को पुनः रेखांकित किया।