शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु जनजागरूकता अभियान संचालित
संवाददाता | उरई/जालौन
उरई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार के निर्देशन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ जनपद में 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के संकल्प के साथ किया गया।
इस अवसर पर परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. के छात्र-छात्राओं के सहयोग से शहर के प्रमुख चौराहों पर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों व आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में वाहन चालकों को अपने वाहन के सभी वैध प्रपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने, लेन अनुशासन का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, दो-पहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चार-पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने एवं स्टंटबाजी से बचने की सलाह दी गई।
इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया ने स्वयं चौराहों पर पहुंचकर एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. के छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाया और इस जनहितकारी पहल को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार, यात्रीकर/मालकर अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय तथा प्रभारी यातायात बीर बहादुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पूरे माह विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अनुशासित यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित किया जाएगा।