“वीर बाल दिवस” अभियान के तहत जनपद में कार्यक्रम का आयोजन

जिलाधिकारी ने बच्चों को किया प्रोत्साहित, शिक्षा में आगे बढ़ने का दिया संदेश

संवाददाता — कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में दिनांक 26 दिसंबर 2025 को “वीर बाल दिवस” के अवसर पर वीर एवं साहसी बच्चों को प्रोत्साहित करने हेतु एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन माँ मुक्तेश्वरी सभागार, माती में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

वीर बाल दिवस कार्यक्रम में सुन्दरा शिक्षण संस्थान लालपुर, पं. चन्द्रिका प्रसाद इंटर कॉलेज भुगनियापुर, संविलियन विद्यालय अकबरपुर, संविलियन विद्यालय आलमचन्द्रपुर सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे अपने अभिभावकों अथवा गुरुओं से मार्गदर्शन अवश्य लें। जिलाधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को उपहार देकर पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर विशेष रूप से बहादुर बालक आदर्श पुत्र रविशंकर, कक्षा 4, संविलियन विद्यालय अकबरपुर (विद्यालय के छोटे बच्चों को बंदरों से बचाने) तथा बहादुर बालक रिहान पुत्र फारूख, कक्षा 8, संविलियन विद्यालय आलमचन्द्रपुर (एक घायल बालक को उपचार हेतु अस्पताल पहुँचाने) को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव द्वारा वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के साहसी पुत्रों की अद्भुत वीरता एवं बलिदान की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि गुरु जी के पुत्रों को दीवार में चुनवा दिया गया था, किंतु उन्होंने धर्म और सत्य से विचलित होना स्वीकार नहीं किया। उन्हीं की स्मृति में वीर बाल दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को माननीय प्रधानमंत्री जी का वीर बाल दिवस पर लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में भी प्रधानमंत्री जी के लाइव कार्यक्रम का प्रसारण कराया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव, जिला सूचना अधिकारी, जिला समन्वयक कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला प्रोबेशन कार्यालय के कार्मिक, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *