संवाददाता
कानपुर देहात
दिनांक 24.12.2025 को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना रहा। इस दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के बारे में बताया गया तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे—फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी अकाउंट्स से बचाव के संबंध में आवश्यक सावधानियां साझा की गईं।
कानूनी अधिकारों की जानकारी के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान महिलाओं में सुरक्षा का भाव, आत्मविश्वास एवं जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध हो रहा है।