तहसील कोंच में सम्पूर्ण समाधान दिवस: जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सुनी जनता की समस्याएँ, 8 शिकायतों का हुआ मौके पर निस्तारण

समाचार विवरण:

जनपद जालौन, 15 नवंबर 2025 (सूचना विभाग)
तहसील कोंच के तहसील सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक एवं गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।

आज प्राप्त कुल 32 शिकायतों में से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य यही है कि जनता अपनी समस्याएँ निःसंकोच रख सके और प्रशासन उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करे। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या विलंब किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने निर्देशित किया कि भूमि विवाद, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियाँ एवं शांति भंग से संबंधित शिकायतों पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह, सीओ परमेश्वर, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र भिटौरिया सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *