हड़ताल पर गए चार समिति सचिव बर्खास्त, खाद वितरण में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

किसानों को खाद की कमी नहीं, उर्वरक संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

संवाददाता
उरई/जालौन।

रबी सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने में बाधा डालने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सहकारिता विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। हड़ताल पर गए चार समितियों के सचिवों को लगातार नोटिस जारी करने और काम पर लौटने की अपील के बावजूद ड्यूटी पर वापस न आने पर तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।

नोटिस के बाद भी ड्यूटी पर नहीं लौटे सचिव

सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक शिव कुमार ने बताया कि एस्मा लागू होने के बावजूद कुछ समिति कर्मचारी और सचिव हड़ताल पर चले गए थे। अनुपस्थित कर्मचारियों को कई बार नोटिस जारी किए गए। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सहकारी समिति अधिनियम-1965 की धारा 38 के तहत कार्रवाई की गई।

इसके बावजूद काम पर नहीं लौटने वाले राजकुमार (सीकरी राजा समिति), चंद्र प्रकाश द्विवेदी (कैथेरी समिति), रविन्द्र कुमार यादव (जैसारीकला समिति) और राजकिशोर (जखा समिति) को बर्खास्त कर दिया गया।

जनपद में खाद की कमी नहीं: सहायक निबंधक

सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक ने किसानों को आश्वस्त किया कि जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। पीसीएफ गोदामों, क्रय-विक्रय समितियों और सहकारी समितियों के माध्यम से खाद का वितरण कराया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि खाद वितरण में लापरवाही बरतने या किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

उर्वरक से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए 05162-252483 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *