सीसीटीवी, बायोमेट्रिक और चेकिंग व्यवस्था का लिया जायजा, ड्यूटी कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश
संवाददाता
उरई/जालौन।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 30 अक्टूबर को अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, बायोमेट्रिक व्यवस्था, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश द्वार पर चेकिंग एवं फ्रिस्किंग, कंट्रोल रूम तथा गोपनीय कक्ष का जायजा लिया।
ड्यूटी कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।