शादी की वेबसाइटों पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवतियों को बनाते थे निशाना, मोबाइल-सिम समेत कई दस्तावेज बरामद
संवाददाता
उरई/जालौन।
शादी का झांसा देकर युवतियों से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का जालौन साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शादी डॉट कॉम और जीवनसाथी जैसी वेबसाइटों पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवतियों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद परिजनों की बीमारी का बहाना बनाकर इलाज के नाम पर उनसे रुपये ठग लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी मेडिकल पर्चे दिखाकर क्यूआर कोड के जरिए पीड़िताओं से रकम ट्रांसफर कराते थे। रुपये वापस मांगने पर उनके मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देते थे। जांच के दौरान झांसी और मध्य प्रदेश के दतिया समेत अन्य स्थानों से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, इस गिरोह द्वारा कुल 66 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमाकांत पटेल निवासी झांसी, रविकांत यादव और कौशल किशोर उर्फ विक्की चौरसिया निवासी उरई के रूप में हुई है। इनके कब्जे से छह मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड, फर्जी मेडिकल पर्चे, आधार कार्ड, रबर की मोहरें और एक कार बरामद की गई है। गिरोह का एक अन्य आरोपी मंगल सिंह अभी वांछित है।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम परमेश्वर प्रसाद के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।