शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
संवाददाता
उरई/जालौन।
पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने पुलिस कार्यालय परिसर में जनसुनवाई आयोजित कर दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को राहत दिलाना सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शिकायतों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।