भूमि विवाद, राजस्व, बिजली, सड़क और पेयजल समेत विभिन्न मामलों पर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विद्युत, पेयजल, सड़क और पुलिस समेत विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने शिकायतों का विभागवार संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं से राहत दिलाना है। इसके लिए शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।