शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए तीन राजकीय छात्रावासों में मिलेगा प्रवेश, ऑनलाइन आवेदन के बाद जमा करनी होगी हार्ड कॉपी
संवाददाता
उरई/जालौन।
जनपद जालौन में संचालित तीन राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए नवीन प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक छात्र 10 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास जालौन, कालपी और रामनगर उरई में संचालित हैं। इन छात्रावासों में जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों, पॉलिटेक्निक एवं राजकीय आईटीआई सहित अन्य संस्थानों में नियमित रूप से अध्ययनरत निर्धन वर्ग के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के पात्र छात्रों को आवासीय सुविधा प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि नवीन प्रवेश के लिए 70 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्रों तथा 30 प्रतिशत सीटें सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए निर्धारित हैं। छात्रावास में पहले से निवास कर रहे छात्रों को प्रवेश में वरीयता दी जाएगी। नए प्रवेश के लिए शैक्षिक योग्यता, उच्च शिक्षा की प्राथमिकता और मूल निवास स्थान से दूरी को ध्यान में रखा जाएगा। समान योग्यता होने पर आर्थिक स्थिति के आधार पर प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए वही छात्र पात्र होंगे, जो समाज कल्याण विभाग अथवा कल्याण सेक्टर के अन्य विभागों से छात्रवृत्ति प्राप्त करने की पात्रता रखते हैं।
यहां करें आवेदन
इच्छुक छात्र विभाग की वेबसाइट upswdhms.upsdc.gov.in पर 10 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ संबंधित छात्रावास कार्यालय में भी निर्धारित तिथि तक जमा करनी होगी।