उरई में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार स्लीपर बसें सीज

परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई, यात्रियों को रोडवेज बसों से भेजा गया गंतव्य तक

संवाददाता
उरई/जालौन।

जनपद जालौन में अवैध परिवहन और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने कार्रवाई करते हुए परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाली चार स्लीपर बसों के खिलाफ चालान और निरुद्ध करने की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान राज कल्पना, सहारा, पीताम्बरा और न्यू कोठारी नाम की स्लीपर बसें पकड़ी गईं। इन बसों को पुलिस अभिरक्षा में संकट मोचन मंडी चौकी, थाना आटा में खड़ा कराया गया। अभियान के दौरान मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और परमिट शर्तों का उल्लंघन करने जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी गई।

यात्रियों को रोडवेज बसों से भेजा गया गंतव्य तक

परिवहन विभाग ने कार्रवाई के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा। बसों में सवार यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई। यात्रियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों से उनके गंतव्य तक रवाना किया गया।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्ती

एआरटीओ राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी और विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग, मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने तथा परमिट नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों के विरुद्ध वाहन संचालित पाए जाने पर आगे भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *