ऑनलाइन अवैध कीटनाशकों की बिक्री पर शिकंजा, जांच अभियान शुरू

अपंजीकृत और अनधिकृत आयातित कीटनाशकों की बिक्री पर रहेगी निगरानी, अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई

संवाददाता
उरई/जालौन।

जनपद जालौन में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध, अपंजीकृत एवं अनधिकृत आयातित कीटनाशकों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कृषि रक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत ऑनलाइन माध्यमों से बेचे जा रहे कीटनाशकों की निगरानी की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. गगन दीप सिंह ने बताया कि साइक्लोसिनॉन की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर कीटनाशी अधिनियम, 1968 एवं कीटनाशी नियमावली, 1971 के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कीटनाशकों की खरीद केवल अधिकृत लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही करें। खरीदारी के समय उत्पाद के पंजीकरण, निर्माता और लेबल पर दर्ज जानकारी की जांच अवश्य करें, ताकि अवैध या अनधिकृत उत्पादों की खरीद से बचा जा सके।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने किसानों से यह भी कहा कि यदि उन्हें किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या दुकान पर संदिग्ध अथवा अवैध कीटनाशकों की बिक्री की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय को दें। इससे समय रहते जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *