भीड़ नियंत्रण और दंगा निरोधक कार्रवाई के लिए पुलिसकर्मियों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
संवाददाता
कानपुर देहात।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी लाइन विनय कुमार सिंह ने शस्त्रागार, स्टोर रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शस्त्रों, उपकरणों और आवश्यक संसाधनों के रख-रखाव एवं उपलब्धता का जायजा लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद पुलिसकर्मियों को बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इसमें भीड़ नियंत्रण, दंगा निरोधक उपकरणों के उचित प्रयोग, आपसी समन्वय और विषम परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान सतर्कता, संयम और अनुशासन के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
न्यूनतम आवश्यक बल के प्रयोग पर जोर
अभ्यास के दौरान जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने, निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने और न्यूनतम आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाना और आपात परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई के लिए जवानों को तैयार करना है।