नदी और पर्यावरण संरक्षण पर भाषण प्रतियोगिता, माही यादव रहीं प्रथम

विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित, विद्यार्थियों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ

संवाददाता
कानपुर देहात।

स्वच्छता ही सेवा एवं विशेष अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति कानपुर देहात की ओर से उच्च प्राथमिक विद्यालय नहोली में ‘नदी, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर जल, नदियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए।

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में माही यादव ने प्रथम, नितिन ने द्वितीय और अनुष्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

नदियों को प्रदूषणमुक्त रखने का आह्वान

जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल, नदी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि नदियों को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने आमजन से नदियों एवं घाटों पर कूड़ा-कचरा न फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

विद्यार्थियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह की सराहना की गई। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में ब्रजेन्द्र स्वरूप गौतम, मधुलिका वर्मा और वन रक्षक आकाश गौतम शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *