‘आपकी सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत पांच गांवों का दौरा, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
संवाददाता
कानपुर देहात।
अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने शुक्रवार को रूरा मंडल के पांच गांवों का दौरा किया। ‘आपकी सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत वह पुर, बरौला, भिखनापुर, हसनापुर और मल्हानपुरवा पहुंचीं। यहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी कपिल सिंह और एसडीएम अकबरपुर राजकुमार पांडेय से फोन पर वार्ता भी की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने कहा कि राज्यमंत्री के महिला होने के कारण वे उनके सामने अपनी समस्याएं सहजता से रख पाती हैं। प्रतिभा शुक्ला ने उनकी शिकायतें सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर रोजगार के अवसर अपनाने और प्रधानमंत्री के ‘लखपति दीदी’ अभियान का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
सड़क, पुल और जलभराव की समस्याओं पर गिनाईं उपलब्धियां
प्रतिभा शुक्ला ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि रनिया-मैथा-शिवली, अकबरपुर-रूरा-शिवली, रायपुर-गजनेर और रनिया-पामा-सरवनखेड़ा मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर काम हुआ है। रनिया को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने और रूरा नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत बनाने की दिशा में भी प्रयास किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परहुल माता मंदिर के सुंदरीकरण के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। लम्हारा के पास रिंद नदी पर पुल निर्माण की मांग को भी मंजूरी मिली है। वहीं, रूरा और रनिया नगर पंचायतों में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए दोनों स्थानों पर दो-दो करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रवींद्र अवस्थी सहित सुभाष संखवार, शिवा पांडेय, शुभम शुक्ला, बबली तिवारी, सुरेंद्र गौतम, देवेंद्र पांडेय, महेश तिवारी, छोटेलाल संखवार, मुन्नालाल संखवार, सुरेश कठेरिया, रवि गोस्वामी, अंकित कुशवाहा, कंचन गौतम, मोहन लाल संखवार, नितिन गौतम, विनीत त्रिवेदी, अमित पांडेय, अनुराग पांडेय, रामबाबू कठेरिया, रामु कमल, आलोक यादव, राकेश पाल, रामसजीवन पाल, सुधीर कमल, सत्यम तिवारी, शेरा पाल, राहुल गौतम, हरिराम बाजपेई, जगवीर सिंह भदौरिया, बनवारी लाल भदौरिया, रमेश तिवारी, विकास गुप्ता, अंकित कुमार, मोहित कुमार, सरिता भदौरिया, अंशुल और शैलेश दीक्षित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।